निकाय-पंचायतों में कुछ पदों के लिए चुनाव और उपचुनाव मई-जून में… 13 अप्रैल से वोटर लिस्ट के प्रारंभिक प्रकाशन के साथ शुरू होगी प्रक्रिया
राज्य निर्वाचन आयोग ने छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव मई-जून 2026 की तैयारियां शुरू कर दी है। नगरीय निकाय के लिए अध्यक्ष के 4 पद और पार्षद के 60 पदों पर चुनाव होने हैं। उपचुनाव के लिए भी अध्यक्ष के 4 पद और पार्षद के 17 पद हैं। इसी तरह, पंचायत चुनाव में जनपद पंचायत सदस्य के 10 पद, सरपंच के 82 पद और पंच के 1110 पद पर चुनाव होने हैं। इसके लिए 13 अप्रैल को प्रारंभिक मतदाता सूची जारी की जाएगी। 20 अप्रैल तक दावा और आपत्तियां जमा होंगी। 27 अप्रैल तक शिकायतों का निपटारा किया जाएगा। 05 मई को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी और चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि सारी प्रक्रिया समय पर और बिना गलती के पूरी हो। इसके लिए शुक्रवार को निर्वाचक नामावली प्रेक्षकों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने कहा कि मतदाता सूची पूरी तरह सही और पारदर्शी होनी चाहिए. कोई भी योग्य नागरिक वोटर लिस्ट से छूटना नहीं चाहिए. साथ ही सभी दावे और आपत्तियों की अच्छी तरह जांच हो और तय समय सीमा के भीतर सभी काम पूरे किए जाएं।



