ईडी का अभनपुर मुआवजा स्कैम में रायपुर-महासमुंद में छापा… ज़मीन दलाल, सहयोगी नेताओं और अफसरों के 9 ठिकाने कवर
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ के भारतमाला मुआवजा घोटाले में रायपुर और महासमुंद जिलों में सोमवार को नौ जगहों पर छापे मारे हैं। छापेमारी रायपुर में हरमीत खनूजा के ला विस्टा स्थित निवास हरमीत के सहयोगी जसबीर बग्गा के होंडा शोरूम समेत कुछ कांग्रेस नेताओं और सहयोगियों पर की गई है। ईडी छापा भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर-विशाखापटनम इकोनॉमिक कॉरिडोर में अभनपुर इलाके के भूमि अधिग्रहण मुआवजे में हुई गड़बड़ी पर की गई है। ईडी मनी-लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार ईडी की टीमें जमीन दलाल हरमित सिंह खानुजा के रायपुर स्थित लॉ विस्टा कॉलोनी (अमलीदीह) निवास और महासमुंद के मेघ बसंत क्षेत्र में होंडा शोरूम मालिक जसबीर बग्गा और सहयोगी तथा भूमि अधिग्रहण में शामिल सरकारी अधिकारियों और कुछ परिसरों में चल रही है। ईडी के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने राज्य की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा दायर निष्कर्षों और चार्जशीट के बाद मनीलॉण्डरिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत इस मामले में कार्रवाई शुरू की है।
बता दें की ईडी को मुआवजे के भुगतान को बढ़ाने के लिए नक़ली भूमि विभाजन और बैकडेटेड म्यूटेशन सहित बड़े पैमाने पर हेरफेर का शक है।ईओडब्लू ने पहले अनुमान लगाया था कि मुआवजे को अवैध रूप से लगभग ₹29.5 करोड़ से बढ़ाकर ₹70 करोड़ से अधिक कर दिया गया था। जिसके परिणामस्वरूप राजकोष को लगभग ₹32-43 करोड़ का नुक़सान हुआ था।



