नया रायपुर के लिए आसानी… वीआईपी रोड से एक्सप्रेस-वे तक 88 करोड़ रु. से एक और पुल… फुंडहर चौक पर पहले ही मंजूर हो चुका ब्रिज, ये कनेक्टिंग

राजधानी रायपुर, नवा रायपुर, एयरपोर्ट तथा मंत्रालय जाने वाले उन हजारों लोगों के लिए यह अहम खबर है, जो रोजाना फुंडहर चौक और यहां से एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाली रोड पर सुबह-शाम परेशान करने वाले जाम में फंस रहे हैं। कुछ दिन पहले वीआईपी रोड को जाम से बचाने के लिए साय सरकार ने फुंडहर चौक पर फ्लाईओवर के लिए वित्त विभाग ने रकम मंजूर की थी। अब फुंडहर चौक से एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाली सड़क पर भी फ्लाईओवर मंजूर हो गया है। इस पुल के लिए वित्त विभाग ने 88 करोड़ रुपए की मंजूरी जारी कर दी है। यह पुल एक्सप्रेस वे से फुंडहर चौक के बीच बनेगा और वीआईपी रोड को डायरेक्ट कनेक्ट कर देगा। सीएम विष्णुदेव साय की पहल के बाद डिप्टी सीएम अरुण साव ने यह मंजूरी दिलवाई है। मंजूरी की सूचना पीडब्लूडी महकमे को दे दी गई है और टेंडर की तैयारी शुरू हो गई है। पीडब्लूडी सचिव डा. कमलप्रीत सिंह ने वित्तीय मंजूरी की पुष्टि करते हुए कहा कि टेंडर वगैरह की प्रक्रिया पूरी करके निर्माण कार्य बहुत जल्दी शुरू हो जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि दोनों पुलों का काम 2027 के अंत तक पूरा कर ट्रैफिक चालू कर दिया जाएगा।

एक्सप्रेस-वे से फुंडहर चौक तक के इस पुल के निर्माण के लिए प्रशासन बड़ा भूअर्जन भी करेगा। पुल के निर्माण के लिए जो राशि मंजूर की गई है, उनमें 40 करोड़ रुपए से ज्यादा का प्रावधान भूअर्जन के लिए है। शासन ने पीडब्लूडी विभाग को निर्देश दिए हैं कि भूअर्जन तथा मुआवजे की पड़ताल बारीकी से की जाए। यह काम तहसीदार से करवाया जाए। मुआवजे में जरा भी गड़बड़ी की जिम्मेदारी प्रशासन पर डाली गई है। इस तरह, फुंडहर चौक पर पर अब दो पुल हो जाएंगे। वीआईपी रो़ड का पहला फ्लाईओवर कुछ दिन पहले वित्त विभाग ने मंजूर किया था। यह वीआईपी रोड पर फुंडहर चौक के ऊपर से गुजरेगा और। 840 मीटर का यह बड़ा फ्लाईओवर सिंगल पिलर सिस्टम वाला होगा। एक्सप्रेस-वे वाले फ्लाईओवर के टेकनिकल डीटेल्स नहीं मिले हैं, लेकिन जानकारी के मुताबिक वीआईपी रोड का ट्रैफिर इस पुल से एक्सप्रेस-वे पर उतरेगा। वहां से वीआईपी रोड पर आने वाला ट्रैफिक पुल के नीचे से सीधे मेन रोड पर पहुंचेगा।



