बस्तर कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी पर जानलेवा हमला… कारण पूछने पर यही लिख पाईं- “भतीजा”… सनसनीखेज वारदात का खुलासा बाक़ी
छत्तीसगढ़ में बस्तर के कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी पर जानलेवा हमला हुआ है। हमले में उनके दोनों हाथों की नसें कट गई हैं। गले पर भी धारदार हथियार से चोट के गहरे निशान हैं। अस्पताल पहुंचने के बाद जब नर्सिंग स्टाफ ने घायल महिला से बातचीत करने की कोशिश की, तो वह बोलने की स्थिति में नहीं थीं। उनकी हालत को देखते हुए नर्सों ने उनसे कागज पर लिखकर बताने को कहा कि आखिर उनके साथ क्या हुआ। इस दौरान उन्होंने सिर्फ एक शब्द लिखा “भतीजा”। इस एक शब्द ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है।
विधायक बघेल की पत्नी पर जानलेवा हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 8 बजे घायल को महारानी अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल आईसीयू में भर्ती कर लिया। उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। डॉक्टरों का कहना है कि हाथों की नसें कटने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है और गले पर लगी चोट भी गंभीर है। फिलहाल प्राथमिक उपचार के बाद आगे की सर्जिकल प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है।



