आज की खबर

कांग्रेस ने दो घंटे तक प्रदेश के हाईवे रोके… नाकेबंदी में रायपुर में भूपेश, बिलासपुर में डा. महंत, बस्तर में बैज और अंबिकापुर में टीएस शामिल

छत्तीसगढ़ के हसदेव और तमनार में अडानी ग्रुप की भाजपा सरकार के संरक्षण में अंधाधुंध जंगल कटाई और इसके खिलाफ आवाज उठाने वाले नेताओं पर ईडी समेत केंद्रीय एजेंसियों की छापेमारी-गिरफ्तारी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने कोंटा से सरगुजा तक प्रदेश की हर हाईवे पर मंगलवार को दोपहर दो घंटे के लिए नाकेबंदी कर दी। इस दौरान सड़कों पर केवल मालवाहनों को रोका गया, बाकी गाड़ियां जाने दी गईं। आर्थिक नाकेबंदी में राजधानी रायपुर में पूर्व सीएम भूपेश बघेल, बिलासपुर-जांजगीर में नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत, बस्तर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और अंबिकापुर में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव शामिल हुए। इनके अलावा रायपुर में पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय तथा पंजाब पीसीसी अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा बरार, पुलगांव दुर्ग में पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, धमतरी में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, गिरीश देवांगन, कोण्डागांव में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, आरंग में पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, बस्तर में लखेश्वर बघेल ने भी चक्काजाम लगाया।

सभी जगह नाकेबंदी दौरान कांग्रेस नेताओं ने सड़क पर सभाओं को संबोधित किया। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा की सरकार ने प्रदेश की जंगलों की कटाई की अनुमति देकर वन संपदा और खनिज संपदा की लूट की छूट अडानी समूह को दे दी है। भाजपा सरकार के संरक्षण में हो रही हजारों पेड़ों की कटाई को रोकने के लिए अब प्रदेश एकजुट हो रहा है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में अडानी समूह यहां की खनिज संपदा को लूट रहा है, उसके विरोध में आर्थिक नाकेबंदी की गई है। आम जनता ने इस आर्थिक नाकेबंदी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और तानाशाही सरकार को मुंहतोड़ जवाब दिया है।

पूर्व सीएम और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा की सरकार अडानी की गोद में बैठ गई है। अडानी को लाभ पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ के नागरिकों को जख्मी कर रही है। विरोध करने वालों के खिलाफ ईडी, सीबीआई, आईटी, एसीबी, ईओडब्ल्यू और स्थानीय पुलिस एफआईआर दर्ज कर रही है। लोकतंत्र में मिले आंदोलन के अधिकार को खत्म कर रही है। लेकिन कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता डरेंगे नहीं प्रदेश की समृद्धि, संस्कृति और संसाधनों को बचाने के लिए डटकर मुकाबला करेंगे। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अडानी के जल, जंगल, जमीन की लूट की सहभागी बनी हुई है। सरकार के संरक्षण में अडानी समूह प्रदेश के जंगल कटवा रहा है, विरोध करने पर ईडी की कार्रवाई करवाई जा रही है। कांग्रेस पूरी एकजुटता से इस कार्यवाही का विरोध करती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button