आज की खबर
कांग्रेस ने एनएसयूआई का राष्ट्रीय अध्यक्ष बदला… राजस्थान के विनोद जाखड़ को जिम्मेदारी
कांग्रेस ने अपने छात्र संगठन एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष को बदल दिया है। पार्टी ने विनोद जाखड़ को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति आज 20 फरवरी को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा तत्काल प्रभाव से की गई है। वरुण चौधरी जो अब तक इस पद पर थे, उनकी जगह विनोद जाखड़ ने ली है।
कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने जाखड़ की नियुक्ति का पत्र जारी किया है। इस पत्र में संगठन ने निवर्तमान अध्यक्ष वरुण चौधरी के कार्यकाल और उनके कार्यों की सराहना की है। विनोद जाखड़ इससे पहले राजस्थान NSUI के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे। इस पद के लिए दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से इंटरव्यू का दौर चल रहा था, जिसमें राहुल गांधी की देखरेख में मेरिट और अनुभव के आधार पर नए अध्यक्ष का चयन किया गया।



