गौरेला में सीएम साय का हेलीकॉप्टर 4 किमी पहले उतरा… हाल में दो-तीन बार बिगड़ा भी है… सरकार-सुरक्षा एजेंसियां गंभीर, प्रिकॉशंस पर मंथन
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज मंगलवार को गौरेला पेंड्रा मरवाही (जीपीएम) ज़िले के प्रवास पर थे। गौरेला में उनका बड़ा कार्यक्रम था, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स बता रही हैं कि हेलीकॉप्टर निर्धारित स्थान से 4 किमी पहले लैंड कर गया। हालांकि यह लोकेशन-नेविगेशन टाइप की ख़ामी थी। हेलीकॉप्टर वहां से उड़कर निर्धारित स्थान पर पहुँच गया, लेकिन पूरी सरकार में इस हेलीकॉप्टर को लेकर गंभीर मंथन चला है। ऐसे संकेत मिले हैं की खुफिया, सुरक्षा और मंत्रालय के आला अफसर इस मामले में बेहद गंभीर हो गए हैं।
पिछले एक-दो माह से छत्तीसगढ़ शासन के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी की बातें आ रही हैं। इसमें ज्यादातर मुख्यमंत्री साय ही दौरे करते हैं, इसलिए मामूली ख़राबियाँ भी गंभीरता से ली जा रही हैं। चार दिन पहले यानी 6 फ़रवरी को सीएम साय और राज्यपाल रमेन डेका जगदलपुर के लिए रवाना होने वाले थे, लेकिन हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण उन्हें सड़क मार्ग से जाना पड़ा। इससे एक हफ़्ता पहले, 31 जनवरी नारायणपुर से रायपुर लौटते समय हेलीकॉप्टर में खराबी आ गई थी। सुरक्षा कारणों से सीएम साय को BSF के हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजा गया। सूत्रों तथा मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पिछले दो वर्षों में हेलीकॉप्टर में करीब 6-7 बार तकनीकी समस्याएं आई हैं। अगस्त 2025 में भी सारंगढ़ दौरे के दौरान खराबी के कारण सीएम साय को कार से यात्रा करनी पड़ी थी। इसीलिए भी यह मामला चर्चा में है।



