आज की खबर

51 महतारी सदनों का कल एक साथ लोकार्पण करेंगे सीएम साय… पंचायतों में बने है भवन, ग्रामीण महिलाओं के लिए

छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं के लिए कल, 23 सितंबर का दिन कुछ खास रहने वाला है। दरअसल प्रदेश की 51 पंचायतों में सीएम विष्णुदेव साय महिलाओं के लिए समर्पित 51 महतारी सदनों का एक साथ लोकार्पण करने जा रहे हैं। प्रत्येक महतारी सदन लगभग 25 लाख रुपए से बना है। हर सदन में एक हॉल, कमरा, किचन, स्टोर, दुकान, बाउड्रीवाल, प्रसाधन बनाया गया है और बोरवेल भी है।  धमतरी जिले के ग्राम करेलीबड़ी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सीएम साय इन महतारी सदनों का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम में राज्य के हर हिस्से से लगभग 2 लाख महिलाओं को वर्चुअली जोड़ा जाएगा।

करेलीबड़ी धमतरी जिले के कुरूद विधानसभा क्षेत्र का गांव है। धमतरी जिले में महतारी सदन निर्माण योजना के अंतर्गत 4 महतारी सदनों का निर्माण क्रमशः ग्राम पंचायत भेंड्री, मेधा, खरेंगा और करेलीबड़ी में कराया गया है। यहां यह उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने तथा आपसी समरसता स्थापित करने, सामायिक कार्यक्रमों में सामूहिक भागीदारी तथा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से ग्राम पंचायतों में महतारी सदन का निर्माण कराया जा रहा है। महतारी सदन निर्माण की इस योजना के तहत प्रथम चरण में वर्ष 2024-25 अंतर्गत कुल 202 महतारी सदन के लिए कुल 50 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं। लगभग 2500 वर्गफीट में निर्मित होने वाले प्रत्येक महतारी सदन की लागत 24.70 लाख रूपए है।

इस योजना के तहत राज्य में द्वितीय चरण में वर्ष 2025-26 अंतर्गत कुल 166 महतारी सदन के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 50 करोड़ रूपए की मंजूरी दी गई है। द्वितीय चरण में निर्मित होने वाले प्रत्येक महतारी सदन की लागत 30 लाख रूपए है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button