अजय चंद्राकर की विधानसभा कुरूद में सीएम साय… प्रदेश के 51 महतारी सदनों का वर्चुअल लोकार्पण… ढाई सौ करोड़ के काम भी शुरू करवाए

पिछली भाजपा सरकारों में मंत्री रहने के बाद इस बार मंत्री नहीं बन पाए विधायक अजय चंद्राकर की विधानसभा कुरूद में मंगलवार को सीएम विष्णुदेव साय ने कई घंटे बिताए। सीएम ने वहीं से प्रदेश की महत्वाकांक्षी योजना में बने 51 महतारी सदनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। यही नहीं, उन्होंने पूरी कुरूद विधानसभा के लिए करीब ढाई सौ करोड़ रुपए के 77 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
सीएम साय आज दोपहर धमतरी जिले के मगरलोड ब्लॉक के गांव करेली बड़ी पहुंचे और बड़े आयोजन में विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। सभी विकास कार्य महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, सड़क, पेयजल, उद्योग, विज्ञान, पर्यटन और सामाजिक विकास जैसे विविध क्षेत्रों को नई दिशा देने वाले हैं। सीएम ने महतारी सदन भवनों का लोकार्पण किया। लगभग 2 करोड़ 10 लाख रूपए की लागत से निर्मित ये भवन महिलाओं के लिए सम्मान और आत्मनिर्भरता के नए केंद्र बनेंगे। यह महतारी सदन छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों की शक्ति और क्षमता को समाज में नई पहचान देंगे। इसी तरह, उन्होंने गंगरेल में साइंस पार्क बनाने के लिए शिलान्यास किया है। इस साइंस पार्क के बन जाने से बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ पर्यटन की नई संभावनाओं को भी बढ़ावा देगा।
सीएम साय ने कहा कि इन सभी विकास कार्यों से धमतरी जिले के कुरूद क्षेत्र में न केवल आधारभूत संरचना मजबूत होगी, बल्कि सामाजिक, शैक्षणिक, औद्योगिक और कृषि क्षेत्र में भी नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक दिन जिले की प्रगति और जनकल्याण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।