आज की खबर

भाजपा के 60 लाख सदस्य बनाने में मेहनत करने वाले 200 लोगों का सीएम साय ने किया सम्मान… सभी को अपने निवास पर दिया छत्तीसगढ़ी लंच

छत्तीसगढ़ में सदस्यता के सारे रिकार्ड तोड़ते हुए भाजपा ने 60 लाख सदस्य बनाए हैं। सदस्यता अभियान में जी-तोड़ मेहनत करनेवाले 200 से ज्यादा कार्यकर्ताओं का सीएम विष्णुदेव साय समेत पूरी पार्टी ने सीएम हाउस में सम्मान किया। इनके सम्मानस्वरूप सीएम ने अपने आवास पर लंच भी दिया, जिसमें छत्तीसगढ़ व्यंजन मुख्य आकर्षण थे। सम्मान समारोह में विधानसभा स्पीकर डा. रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, सदस्यता प्रभारी अनुराग सिंहदेव और वरिष्ठ नेता संजय श्रीवास्तव भी मौजूद थे। समारोह को संबोधित करते हुए सीएम साय ने संगठन और पूरी टीम का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आज कार्यकर्ताओं के सम्मान का अवसर सौभाग्य का क्षण है। इन्हीं की बदौलत पार्टी ने 60 लाख प्राथमिक और 65 हजार सक्रिय सदस्यता का लक्ष्य हासिल किया है।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और परिश्रम के चलते लगातार चार चुनावों में भाजपा के प्रति समर्थन व्यक्त हुआ है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि अब हम और अच्छी मेहनत करके अगली केंद्र व प्रदेश सरकार दो-तिहाई बहुमत से लेकर आएंगे, इसका संकल्प लेते हैं। सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव ने कहा कि इस पूरी यात्रा में पहले 10 दिन में 2.69 लाख सदस्य बनाए। भाजपा सदस्यता अभियान के 20वें दिन 10 लाख से ऊपर पहुंच गए। 30वे दिन 18 लाख, 40वे दिन 26 लाख, 50वे दिन 32 लाख, 60वें दिन 41 लाख, 70वे दिन 55 लाख और 86वे दिन 60 लाख की मेंबरशिप को पार किया। इस तरह क्रमशः दिनों दिन लक्ष्य हासिल करते हुए निर्धारित अवधि में 60 लाख से अधिक सदस्यता का लक्ष्य अर्जित किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button