राजेश मूणत के होली मिलन में फाग पर झूमे सीएम और सैकड़ों लोग… रंगपंचमी पर आयोजित समारोह बना यादगार

रायपुर पश्चिम के दिग्गज भाजपा विधायक और तीन बार कैबिनेट मंत्री रहे राजेश मूणत के आज रंगपंचमी पर होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत कई जनप्रतिनिधि पहुंचे, साथ ही जनसैलाब उमड़ गया। राजधानी रायपुर के सोनकर बाड़ी में आयोजित इस होली मिलन समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत रायपुर के सभी विधायक, महापौर मीनल चौबे भाजपा के कई पार्षद और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल हुए। होली मिलन समारोह में लोक गायिका अलका चंद्राकर की प्रस्तुति ने समां बांध दिया और फाग गीतों पर सब झूम उठे।

होली मिलन कार्यक्रम स्थल पर आज दोपहर से ही लोग उमड़ने लगे थे। शाम होते-होते पूरा परिसर रंगों और उल्लास से सराबोर नजर आया। पारंपरिक फाग गीतों, ढोल-नगाड़ों और गुलाल के बीच लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली और रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सीएम विष्णुदेव साय ने उपस्थित लोगों को होली और रंगपंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है, जो समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का कार्य करते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।
कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत ने कहा कि होली और रंगपंचमी का त्योहार समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द को बढ़ाने का संदेश देता है। होली मिलन समारोह लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक समरसता को मजबूत करता है। राजेश मूणत ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों, कार्यकर्ताओं और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को होली और रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं। रंगों, संगीत और आपसी सद्भाव के माहौल में आयोजित यह होली मिलन समारोह देर तक चला और यादगार बन गया।



