बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद चिकन-अंडे बैन… पूरा शहर सर्विलांस के दायरे में… नष्ट किए जा रहे हज़ारों चूज़े-मुर्गियाँ
(कलेक्टर और अफसर हालत का जायजा लेने निकले)
छत्तीसगढ़ के दूसरे अहम शहर बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद आज जैसे आफत मच गई है। शहर के कोनी इलाके के फार्महाउस में पिछले कुछ दिन में 4 हजार से ज़्यादा मुर्गियों की मौत हुई थी। इनकी जांच में बर्ड फ्लू (H5N1 वायरस) के संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। रिपोर्ट मिलते ही प्रशासन ने बिलासपुर में चिकन और अंडों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध अगले 3 महीनों तक लागू रह सकता है।
बिलासपुर के कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फ़ार्म में पिछले कुछ दिनों में मुर्गियों की मौत के बाद सैंपल्स जांचे गए थे। पशुपालन विभाग ने संदिग्ध सैंपल जांच के लिए भोपाल और दिल्ली की लैब भेजे थे, जहाँ से मिली रिपोर्ट में H5N1 वायरस की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट आने के तुरंत बाद कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्र को क्वारंटीन जोन घोषित कर दिया गया है। पोल्ट्री फार्म के आसपास के 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस जोन में रखा है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए फार्म में मौजूद हजारों मुर्गियों, चूजों और अंडों को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्थिति की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया है।
पक्षियों से दूर रहने की सलाह
हालांकि वर्तमान में इंसानों के लिए जोखिम कम बताया जा रहा है, लेकिन विशेषज्ञों ने पक्षियों के सीधे संपर्क से बचने की सलाह दी है। यदि किसी को बुखार, खांसी या गले में खराश जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने के लिए कहा गया है।



