आज की खबर
छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र 23 से और बजट 24 फ़रवरी को… स्पीकर डॉ रमन ने लखमा को कड़ी शर्तों के साथ दी अनुमति

छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र नया रायपुर स्थित नई विधानसभा में सोमवार 23 फरवरी 2026 को सुबह 11:05 बजे शुरू होगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने बजट सत्र को लेकर महत्वपूर्ण प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि इसी सत्र में छत्तीसगढ़ का वर्ष 2026-27 का बजट 24 फरवरी को पेश किया जाएगा। स्पीकर डॉ रमन के अनुसार छत्तीसगढ़ आबकारी स्कैम में हाल में जेल से रिहा हुए विधायक कवासी लखमा को कुछ शर्तों के साथ सत्र में शामिल होने की अनुमति दी गई है। हालांकि, वे अपने केस से जुड़े किसी भी विषय पर सदन में चर्चा नहीं कर पाएंगे और उन्हें “नो स्पीच” नियम का पालन करना होगा।
स्पीकर डॉ. रमन ने सत्र की रूपरेखा और प्रमुख निर्णयों के बारे में प्रेस कांफ्रेंस में मीडिया को अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल रामेन डेका के अभिभाषण से होगी। यह सत्र 20 मार्च तक चलेगा, जिसमें कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। पूरे सत्र के लिए अब तक 2813 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें 1376 तारांकित प्रश्न शामिल हैं। सत्र के दौरान ‘छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026’ और ‘छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा विधेयक 2026’ जैसे अहम विधेयक पेश किए जा सकते हैं। स्पीकर डॉ रमन ने स्पष्ट किया कि बजट सत्र में वित्तीय कार्यों के साथ-साथ जनहित के मुद्दों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।



