The Stambh Analysis : राज्यसभा की दोनों सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन के आसार… भाजपा और कांग्रेस से दूसरे प्रत्याशी की सुगबुगाहट भी नहीं… कल नामांकन का अंतिम दिन
छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटें खाली हुई हैं और दोनों पर ही निर्विरोध निर्वाचन के आसार बन गए हैं। भाजपा और कांग्रेस, दोनों के खाते में एक-एक सीटें जानी हैं और दोनों ने 4 मार्च को रात साढ़े 10 बजे तक एक-एक ही प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा ने एक सीट से लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस ने दूसरी सीट से फूलोदेवी नेताम की उम्मीदवारी घोषित की है। दोनों ही प्रत्याशी कल, गुरुवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में अपना नामांकन दाखिल करेंगे, क्योंकि कल ही आख़िरी तारीख है। अब तक दोनों दलों में जो राजनैतिक माहौल दिख रहा है, उस आधार पर राजनैतिक प्रेक्षकों का अनुमान है कि कल दोनों ही दलों से घोषित उम्मीदवारों का ही नामांकन दाखिल होगा और इस तरह दोनों के ही निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बन जाएगी।
हाँ, अगर एक भी नामांकन दाखिल हुआ और फॉर्म सही निकला तथा वापस नहीं हुआ, तब चुनाव की संभावना बनेगी। इस दशा में 16 मार्च को विधानसभा में विधायक मतदान कर राज्यसभा सांसद चुनेंगे। हालांकि भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दलों से संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी की ओर से घोषित उम्मीदवारों के पर्चे ही दाखिल होंगे, लिहाजा निर्विरोध निर्वाचन की संभावना अत्यधिक है।



