बेटे चैतन्य की गिरफ्तारी बर्थडे पर… आज रिहाई मेरे पोते के जन्मदिन पर… कहते हुए भावुक नज़र आए पूर्व सीएम भूपेश
पूर्व सीएम भूपेश बघेल अपने बेटे चैतन्य बघेल की ज़मानत पर शुक्रवार से सधी हुई प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट काफ़ी सन्तुलित हैं। कल भूपेश ने लिखा था- सत्य परेशान हो सकता है पर पराजित नहीं। आज दोपहर चैतन्य की रिहाई के लिए भूपेश दोपहर में ही रायपुर सेंट्रल जेल पहुंच गए। उनके चेहरे पर वह खुशी और चमक नज़र आई, जो पिछले साढ़े पाँच महीने से दिखती नहीं थी। भूपेश बघेल जैसे स्ट्रॉंग व्यक्ति को आज द स्तम्भ ने यह भी कहते हुए सुना कि हम सब आज बहुत खुश हैं। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर की। इस वीडियो में भूपेश यह कह रहे हैं – आज चैतन्य की रिहाई होने वाली है। ED ने मेरे बेटे के जन्मदिन पर उसे गिरफ्तार किया था। और आज मेरे पोते के जन्मदिन पर मेरे बेटे को रिहाई मिल रही है। ये दिन हमारे लिए कई खुशियां लेकर आया है। वैसे इस पोस्ट के साथ साथ कांग्रेस में गिरफ्तारी और ज़मानत के इस इत्तेफाक की भी खासी चर्चा है।



