शराब स्कैम में सस्पेंड 29 आबकारी अफसरों पर कोर्ट में चलेगा मुक़दमा… जांच एजेंसियों को राज्य सरकार ने दी मंजूरी
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3,200 करोड़ रुपये के शराब स्कैम (Liquor Scam) में प्रवर्तन निदेशालय (ED) को 29 आबकारी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने (अभियोजन) की मंजूरी मिल गई है। राज्य सरकार ने ईओडब्ल्यू (EOW) और ईडी (ED) को इन 29 अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू करने के लिए औपचारिक मंजूरी दे दी है। जिन अफसरों पर केस चलेगा, उनमें आबकारी उपायुक्त अनिमेष नेताम, अरविन्द कुमार पाटले, नीतू नोतानी, नोहर सिंह ठाकुर, विजय सेन शर्मा शामिल हैं। इसी प्रकार सहायक आयुक्त में प्रमोद कुमार नेताम, विकास कुमार गोस्वामी, दिनकर वासनिक, नवीन प्रताप सिंह तोमर, राजेश जायसवाल, मंजुश्री कसेर, आशीष कोसम, सौरभ बख्शी, प्रकाश पाल, रामकृष्ण मिश्रा, अलख राम कसेर, सोनल नेताम और जिला आबकारी अधिकारी मोहित कुमार जायसवाल, गरीबपाल सिंह दर्दी, इकबाल खान, जनार्दन सिंह कौरव, नितिन कुमार खंडूजा पर कोर्ट में मुक़दमा चलेगा।
आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने पहले ही इन 29 अधिकारियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट पेश कर दी थी। वहीं, ईडी ने इस मामले में लगभग 29,800 पन्नों का अंतिम चालान पेश किया है, जिसमें कुल 80 से ज्यादा आरोपियों के नाम शामिल हैं। बता दें कि चार्जशीट में नाम आने के बाद विष्णुदेव साय सरकार ने इनमें से 22 सेवारत अधिकारियों को निलंबित कर दिया था, जबकि अन्य 7 अधिकारी पहले ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं।



