आज की खबर

सीएम साय हुए 62 वर्ष के : जन्मदिन पर भाजपा ने किया अभिनंदन… रक्तदान शिविर में 62 ने खून दिया… जशपुर जगन्नाथ मंदिर में पत्नी संग पूजा अर्चना

छत्तीसगढ के सीएम विष्णुदेव का आज 21 फ़रवरी को जन्मदिन है और वे 62 वर्ष के हो गए हैं। उनको जन्मदिन पर बधाई देने वालों का रायपुर से जशपुर तक ताँता लगा हुआ है। रायपुर में आज सुबह प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, कोषाध्यक्ष श्रीराम गर्ग एवं प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने मुख्यमंत्री साय से भेंट कर को जन्मदिन की बधाई दी। इस अवसर पर युवा मोर्चा द्वारा प्रदेश के प्रत्येक मंडल में हितग्राही संपर्क एवं सम्मान अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है।

सीएम साय ने 62वें जन्मदिन के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना की तथा रक्तदाताओं को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री के 62वें जन्मदिन के अवसर पर अल्फा ग्लोब फाउंडेशन, रायपुर तथा शिवनाथ ब्लड सेंटर द्वारा 62 लोगों के रक्तदान की विशेष व्यवस्था की गई थी। इस मौके पर मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, पी. दयानंद, डॉ. बसवराजु एस सहित वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

सीएम साय दोपहर में रायपुर से जशपुर रवाना हो गए। वहां उन्होंने दोकड़ा स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन जगन्नाथ मंदिर पहुँचकर भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर सीएम साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय तथा परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में परिक्रमा कर भगवान से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और कल्याण की मंगलकामना की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button