बिलासपुर में बर्ड फ्लू : 23 हजार चिकन, 25 हजार अंडे नष्ट किए… शहर में हफ्तों चल सकता है मुर्गी-अंडे पर बैन
छत्तीसगढ़ के दूसरे प्रमुख शहर बिलासपुर में बर्ड फ्लू (Avian Influenza) की पुष्टि के बाद प्रशासन ने बड़े पैमाने पर मुर्गियों और अंडों को नष्ट किया है। यह कार्रवाई मुख्य रूप से कोनी स्थित सरकारी कुक्कुट पालन क्षेत्र में की गई है। अब तक लगभग 22,808 मुर्गियों को मारा (Culling) और वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया जा चुका है। इससे पहले, 19 से 24 मार्च के बीच इसी फॉर्म में करीब 4,400 से 5,000 मुर्गियों की बीमारी से मौत हो गई थी। इसी तरह, एहतियात के तौर पर 25,896 अंडों को भी नष्ट किया गया है। मुर्ग़ियों के चारे के रूप में इस्तेमाल होने वाले लगभग 79 से 80 क्विंटल दाने को भी डिस्पोज किया गया है।
अफसरों ने बताया कि प्रभावित फॉर्म के 1 किमी के दायरे को ‘संक्रमित क्षेत्र’ घोषित कर पूरी तरह सील कर दिया गया है। संक्रमण की निगरानी के लिए 10 किमी के दायरे को ‘सर्विलांस जोन’ बनाया गया है। बिलासपुर के संक्रमित क्षेत्र में मुर्गियों, अंडों और चारे के परिवहन और बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। बिलासपुर कलेक्टोरेट में 24 घंटे काम करने वाला बर्ड फ्लू कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। अभी तक मुर्गियों के अलावा बर्ड फ्लू का संक्रमण मानव या किसी अन्य प्राणी में नज़र नहीं आया है।

