बड़ी खबर: एक और शीर्ष माओवादी कमांडर सुधाकर के बीजापुर में मारे जाने की सूचना… नेशनल पार्क एरिया में सुबह से चल रही मुठभेड़
बीजापुर के नेशनल पार्क में गुरुवार को सुबह 7 बजे से नक्सलियों के साथ चल रही मुठभेड़ में बड़ी खबर आ रही है। फोर्स ने एक और शीर्ष माओवादी कमांडर सिंहाचलम उर्फ सुधाकर को ढेर कर दिया है। सुधाकर छत्तीसगढ़ के साथ साथ तेलंगाना और महाराष्ट्र में वांटेड था। वह माओवादियों की सेंट्रल कमिटी का सदस्य था। उस पर एक करोड़ रुपए का इनाम है। आला पुलिस अफसरों ने सुधाकर के मारे जाने के विषय में फिलहाल कोई अधिकृत बयान जारी नहीं किया है। लेकिन सोशल मीडिया में उसके शव की तस्वीरें वायरल होने लगी हैं। बसव राजू के बाद सुधाकर फिलहाल बस्तर में सक्रिय माओवादियों का प्रमुख कमांडर था। उसके मारे जाने से माओवादियों का दक्षिण बस्तर का संगठन भी छिन्न भिन्न हो जाएगा। फिलहाल पुलिस ने यही बताया है कि बीजापुर के नेशनल पार्क एरिया में माओवादियों के बड़े कैडर के उपस्थिति की आसूचना पर संयुक्त बल अभियान पर निकला था। सुबह से संयुक्त बल के साथ माओवादियों की मुठभेड़ चल रही है।



