आज की खबर

अमित शाह के दौरे से पहले… बीजापुर में सुबह फोर्स ने ख़ूँख़ार नक्सली उधम सिंह को मार गिराया… इसके बाद दोपहर में 12 माओवादियों का सरेंडर

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बस्तर में नक्सल विरोधी ऑपरेशंस की समीक्षा करने के लिए 7 फ़रवरी को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। इसके ठीक पहले, बीजापुर में फोर्स ने आज गुरुवार को दो बड़े काम किए हैं। सुबह बीजापुर के जंगलों में हुई भीषण मुठभेड़ में फोर्स ने नक्सली कमांडर को मार गिराया है। उसके शव के पास एके 47 मिली है, इसलिए अनुमान लगाया गया है कि मृतक नक्सली कमांडर उधम सिंह हो सकता है। इस मुठभेड़ के कुछ घंटे के भीतर बीजापुर में 12 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया है। ये नक्सली भी वैपन्स के साथ आए।

बीजापुर जिले के पेद्दागेलूर जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ में खूंखार नक्सली कमांडर उधम सिंह के मारे जाने की खबर सामने आई है। DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और CRPF की कोबरा बटालियन के जवानों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके से एक AK-47 राइफल और नक्सली का शव बरामद किया है। उधम सिंह की मौत स्थानीय नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका देने वाली है।

कमांडर की मौत के कुछ घंटे बाद बीजापुर में ही 12 नक्सली जंगल से बाहर आए और सरेंडर कर दिया। इनमे एक DVCM स्तर का नक्सली और 8 महिलाएं हैं। 54 लाख रुपये के कुल इनाम वाले इन नक्सलियों के सरेंडर से नक्सली संगठन के सूचना तंत्र और सैन्य क्षमता को भारी क्षति पहुंची है। बीजापुर जैसे धुर नक्सल प्रभावित इलाके में इतने बड़े पैमाने पर इनामी नक्सलियों का सरेंडर दर्शाने लगा है कि बस्तर के जंगलों में माओवादियों का आधार कमजोर हो रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button