राजधानी की VIP रोड पर बारात बैन… सर्विस रोड्स पर पार्किंग भी मना… वैसे इस रोड पर अब तक किसी नियम का पालन नहीं करवा सकी है पुलिस
रायपुर कमिश्नरेट ने वीआईपी रोड से गुज़रनेवालों को बड़ी राहत देने के लिए दोनों सर्विस रोड पर बारात बैन कर दी है। दोनों सर्विस रोड्स पर शादी के सीजन में बारातों और पार्किंग के कारण शाम से रात तक बहुत खतरनाक जाम के हालात बनने लगे हैं। पुलिस ने साफ़ किया है
अब किसी भी होटल या मैरिज पैलेस के बाहर मुख्य सड़क पर बारात निकालने या गाड़ियां पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। यह घोषणा तो की गई है, लेकिन एक बहुत बड़ा सच ये भी है कि पुलिस अब तक इस सड़क पर किसी भी नियम का पूरा पालन करवा ही नहीं पाई है।
वीआईपी रोड एयरपोर्ट को शहर से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। शादी सीजन में यहां बारात और बेतरतीब पार्किंग के कारण बुरा जाम लगता है। यहाँ तक कि जाम के कारण कई लोगों की फ्लाइट तक मिस हुई हैं। ऐसे में पुलिस अगर बरातों और पार्किंग बैन पर सख्ती से अमल करवा पाती है, तो लोगों को वाक़ई राहत मिलेगी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला ने वीआईपी रोड के करीब 30 होटल और मैरिज पैलेस संचालकों की बैठक लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि बारात किसी भी स्थिति में कैंपस के बाहर नहीं निकलनी चाहिए। यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो केवल आयोजक ही नहीं बल्कि संबंधित होटल संचालक के खिलाफ भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।



