छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका की बेटी आयुष्मिता भाजपा में… गुवाहाटी में हुए कार्यक्रम में वहाँ के प्रदेश अध्यक्ष ने दिलाया प्रवेश
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका की बेटी आयुष्मिता डेका गुवाहाटी में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुईं और भाजपा की सदस्यता ले ली। असम भाजपाध्यक्ष दिलीप सैकिया ने राज्य मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में 300 से अधिक युवाओं को भाजयुमो में शामिल किया, जिसमे आयुष्मिता डेका भी थीं।
मीडिया से बातचीत में आयुष्मिता ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से संघ विचारधारा से जुड़ा रहा है। बचपन से घर में प्रमोद महाजन, राजनाथ सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं का आना-जाना रहा है। इनसे ही उन्हें राजनीतिक और सामाजिक सेवा के संस्कार मिले हैं। आयुष्मिता हाल में अमेरिका से पढ़ाई और नौकरी कर लौटीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से मैं वापस लौटी हूँ, ताकि लोगों की सेवा कर सकूं। असम भाजपा मुख्यालय में हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने संवैधानिक प्रावधानों के कथित दुरुपयोग के लिए कांग्रेस की आलोचना की और भाजपा के बढ़ते नेतृत्व पर प्रकाश डाला।



