आज की खबर

राजधानी में आकर्षक परेड, सीएम ने ली सलामी… 35 पुलिस अफसर-जवानों को पुलिस पदक… सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए स्कूली बच्चे सम्मानित… टाउन हाल में प्रदर्शनी

राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के बाद 17 प्लाटूनों ने भव्य मार्च पास्ट कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। परेड आईपीएस ईशु अग्रवाल के नेतृत्व में हुई। इस बार ओड़िशा पुलिस की टुकडी़ में मार्च पास्ट में शामिल हुई। सीएम विष्णुदेव साय ने परेड की सलामी ली। इसके उपरांत सीएम ने 35 पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को पुलिस पदकों से सम्मानित किया। परेड ग्राउंड पर लगभग 780 स्कूली विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला और संस्कृति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दी। इन प्रस्तुतियों के बीच हुई स्पर्धा में मदर्स प्राईड स्कूल रायपुर को पहला, लक्ष्मी नारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुर को दूसरा और सालेम इंग्लिश मीडियम स्कूल को तीसरा स्थान मिला। इसके अलावा सीएम साय ने टाउन हाल में स्वतंत्रता दिवस पर फोटोग्राफ की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, जो 21 अगस्त तक चलेगी। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता सेनानियों की गाथा, आज़ादी की लड़ाई में प्रदेश की भागीदारी और शासन की उपलब्धियों का प्रभावशाली चित्रण किया गया है।

पुलिस ग्राउंड में हुई परेड में परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष-महिला), छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना (पुरुष-महिला), एनसीसी (बालक-बालिका), बैण्ड प्लाटून, घुड़सवार दल और महिला बैगपाइपर बैंड शामिल रहे। परेड में उत्कृष्ट दलों को सीएम साय ने सम्मानित किया। केन्द्रीय बलों के वर्ग में सीमा सुरक्षा बल की टुकड़ी को पहला स्थान मिला। दूसरे स्थान पर केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल और तीसरे स्थान पर ओडिशा पुलिस का दल रहा। राज्य बलों के वर्ग में पहला स्थान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरूष) को प्राप्त हुआ। छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल (महिला) ने दूसरा और नगर सेना के महिला दल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। एनसीसी जूनियर वर्ग में पहला पुरस्कार (बालक दल) ने और दूसरा पुरस्कार बालिका दल ने प्राप्त किया। तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल ने फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेज़ाबंदी शो, जंपिंग और गैलप राउंड जैसी रोमांचक प्रस्तुतियां दी। प्रधान आरक्षक श्री लोकेश्वर सिदार ने अश्व रूद्रा पर फ्लैग मार्च किया। आरक्षक अजय यादव ने अश्व आभा पर स्टैडिंग सैल्यूट किया। टैंट पैंगिंग में अश्व गंगा, अश्वतथामा, सारंगी और शक्ति में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। हार्स युवराज, अवनि, धनुष, जूही और ओजस ने शो जंपिंग में जलवा दिखाया। आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में आर्कषक प्रस्तुति दी।

इसके उपरांत छत्तीसगढ़ के 35 अफसर जवानों को पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। सीएम साय ने पुलिस वीरता पदक से 11, राष्ट्रपति पुलिस पदक से 1, सराहनीय सेवा पुलिस पदक से 11, सुधार सेवा पदक से 5, गृहरक्षक एवं सराहनीय सेवा पदक से 1 और राज्यस्तरीय एवं पुलिस महानिदेशक पदकों से 6 अधिकारी-कर्मचारियों को अलंकृत किया। सीएम के सचिव आईपीएस राहुल भगत सराहनीय सेवा हेतु भारतीय पुलिस पदक से सम्मानित किए गए। वीरता पदक से लालजी सिन्हा निरीक्षक, भुवनेश्वर साहू निरीक्षक, संजय पोटाम निरीक्षक, कमलेश मरकाम प्रधान आरक्षक, अंजु कुमारी डीएसपी, दिनेश भास्कर प्रधान आरक्षक, चैतराम गुरूपंच निरीक्षक, हेमला नंदू प्रधान आरक्षक, प्यारस मिंज एएसआई, मनोज पुनेम प्रधान आरक्षक को सम्मानित किया गया। दंतेवाड़ा के शहीद प्रधान आरक्षक बुधराम कोरसा के लिए उनकी पत्नी सुखमति ने पुलिस वीरता पदक प्राप्त किया। इसके अलावा अन्य श्रेणियों में भी पुलिसकर्मियों को सीएम साय ने सम्मानित किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button