आज की खबर

जैसी कि संभावना थी, पूर्व मंत्री लखमा मलकानगिरी में शिफ्ट, यह सुकमा से लगा हुआ… बजट सत्र में शामिल होने स्पीकर डॉ रमन को भेजी अर्जी

द स्तम्भ ने जैसी संभावना जताई थी, सुकमा के कांग्रेस विधायक, पूर्व मंत्री और शराब स्कैम में जमानत पर छूटे कवासी लखमा मलकानगिरी में शिफ्ट हो गए हैं। मलकानगिरी सुकमा जिले के बिल्कुल बॉर्डर में ओडिशा में है। इस तरह लखमा कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए राज्य से बाहर भी चले गए और ये जगह सुकमा से बिल्कुल लगी है। इस बीच, लखमा ने सोमवार को विधानसभा के बजट सत्र में शामिल होने की अनुमति के लिए स्पीकर डॉ रमन सिंह के समक्ष आवेदन लगाया है। स्पीकर ने अपने सचिवालय से अभिमत मांगा है। ऐसी संभावना है कि लखमा को 23 फ़रवरी से बजट सत्र में शामिल होने की अनुमति मिल सकती है और वे पूरे सत्र के दौरान रायपुर में नज़र आ सकते हैं।

बता दें कि साल भर से अधिक समय जेल में रहने के बाद शराब स्कैम के आरोपी लखमा को सुप्रीम कोर्ट ने सशर्त जमानत दी है। कोर्ट ने जमानत की अवधि में प्रदेश से बाहर रहने के आदेश भी दिए हैं। साथ ही विधानसभा की कार्रवाई में हिस्सा लेने पर फैसला स्पीकर पर छोड़ दिया है।

कोर्ट के आदेश के बाद लखमा ओडिशा के मलकानगिरी में शिफ्ट हो गए हैं। उन्होंने ओडिशा जाने से पहले शुक्रवार को स्पीकर डॉ रमन सिंह से मुलाकात की। उन्होंने बजट सत्र में हिस्सा लेने की अनुमति के लिए आवेदन भी दिया है। सूत्रों के मुताबिक सचिवालय से अभिमत मिलने के बाद स्पीकर कवासी को अनुमति देने पर फैसला लेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button