अमित शाह रायपुर पहुंचे, रात्रि विश्राम यहीं… सुबह दंतेवाड़ा दौरा, सीएम साय भी जाएंगे… कल शाम रायपुर में अहम बैठकें फिर वापसी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिन के प्रवास पर शुक्रवार को रात करीब पौने 10 बजे राजधानी रायपुर के माना एयरपोर्ट पर पहुंचे। सीएम विष्णुदेव साय और प्रदेश के मंत्रियों ने गृहमंत्री शाह का स्वागत किया। माना विमानतल से शाह नया रायपुर के रिसार्ट के लिए रवाना हो गए, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। शनिवार को सुबह साढ़े 10 बजे गृहमंत्री अमित शाह दंतेवाड़ा दौरे पर जाएंगे और शाम करीब 5 बजे रायपुर लौटेंगे। यहां अहम बैठकें होंगी, जिनमें यह स्पष्ट हो जाएगा कि बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे आपरेशन को लेकर केंद्र सरकार का क्या रुख है। संकेत मिल रहे हैं कि केंद्र सरकार नक्सलियों की युद्ध विराम की पेशकश को खारिज करते हुए उन्हें केवल सरेंडर या फिर मुठभेड़ों के लिए तैयार रहने के विकल्प ही देने जा रही है।
बहरहाल, गृहमंत्री अमित शाह के साथ सीएम साय और मंत्री भी मेफेयर रिसार्ट पहुंचे हैं। वहां उनकी प्रदेश की राजनैतिक परिस्थितियों तथा सरकार के कामकाज को लेकर सीएम साय से अनौपचारिक और संक्षिप्त चर्चा होने की संभावना है। रात्रि विश्राम के बाद गृहमंत्री शाह शनिवार, 5 अप्रैल को सुबह साढ़े 10 बजे रायपुर एयरपोर्ट से जगदलपुर के लिए उड़ान भरेंगे। सुबह साढ़े 11 बजे जगदलपुर एयरपोर्ट से वे दंतेवाड़ा जाएंगे। वहां मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन करेंगे और सर्किट हाउस जाएंगे। अमित शाह दोपहर डेढ़ से तीन बजे तक दंतेवाड़ा में बस्तर पंडुम समापन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दंतेवाड़ा से जगदलपुर जाएंगे और वहां से विशेष विमान से शाम 5 बजे माना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से मे-फेयर जाएंगे, जहां गृह और सहकारिता विभाग की उच्चस्तरीय बैठकें होंगी। रात करीब 7.45 बजे गृहमंत्री शाह एयरपोर्ट जाएंगे और दिल्ली रवाना हो जाएंगे। पूरे प्रवास के दौरान सीएम विष्णुदेव साय और उनके मंत्रिमंडल के अधिकांश सदस्य गृहमंत्री शाह के साथ रहेंगे।



