छत्तीसगढ़

यूपी के बाद अब छत्तीसगढ़ में राशन दुकानों से मिट्टीतेल… शहरी कार्ड पर एक लीटर, ग्रामीण कार्ड पर दो लीटर… सर्वाधिक केरोसिन बिलासपुर जिले को

तेल संकट से निपटने के लिए उत्तरप्रदेश के बाद अब छत्तीसगढ़ में अप्रैल में सरकार राशन दुकानों से मिट्टी तेल (केरोसिन) देने जा रही है। अंत्योदय और प्राथमिकता श्रेणी के सभी राशनकार्डधारियों को इसका लाभ मिलेगा। शहरी क्षेत्रों में प्रति राशनकार्ड अधिकतम 1 लीटर और ग्रामीण क्षेत्रों (अनुसूचित एवं गैर-अनुसूचित) में अधिकतम 2 लीटर केरोसिन दिया जाएगा। खाद्य विभाग के अनुसार अप्रैल के लिए केरोसिन का आबंटन जारी कर दिया गया है। खाद्य विभाग ने केंद्र सरकार से प्राप्त प्रथम तिमाही (अप्रैल-जून) के कोटे में से 528 किलोलीटर केरोसिन राशनकार्डधारियों के लिए आवंटित किया है।

राज्य शासन ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि केरोसिन का समय-सीमा में उठाव और वितरण सुनिश्चित किया जाए। जिन दुकानों में केरोसिन की मांग कम है, वहां शेष स्टॉक को जरूरत वाली दुकानों में पुनः आबंटित किया जाए। किसी भी क्षेत्र में केरोसिन की कमी न हो और सभी हितग्राहियों को यह निर्धारित मात्रा मिल सके। अप्रैल माह के लिए आवंटित केरोसिन का उठाव 30 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से करना होगा। वहीं, ऑयल कंपनियों के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे लैप्स कोटा की जानकारी 30 अप्रैल तक विभाग को उपलब्ध कराएं।

खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले को सर्वाधिक 36 किलोलीटर, बस्तर, कांकेर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, दुर्ग, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, रायपुर और जशपुर जिले को 24-24 किलोलीटर तथा राज्य के अन्य शेष जिलों को 12-12 किलोलीटर केरोसिन आबंटित किया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button