छत्तीसगढ़

गर्मी में राहत की बौछार : गंगरेल मनियारी से सूतियापाट तक बांधों में अभी भरपूर पानी, सिर्फ कोडार सूखा… मई-जून तक किसी संकट के आसार नहीं

छत्तीसगढ़ में आज शुक्रवार को तेज गर्मी पड़ी और आने वाले डेढ़-दो माह में भीषण गर्मी के अनुमान आ रहे हैं। पानी की उपलब्धता की चर्चाएं शुरू हो गईं हैं और रायपुर तथा पूरे प्रदेश के लिए बड़ी राहत की खबर ये है कि इस साल नदी-तालाब के अलावा बांधों में अभी लबालब पानी है। सबसे बड़े गंगरेल बांध में आज की तारीख में क्षमता का तीन चौथाई पानी भरा हुआ है। प्रदेश में 12 बड़े और एवं 34 मध्यम-छोटे बांध हैं, जिनमे अभी काफ़ी पानी है।

बड़े बांधों में मनियारी जलाशय में क्षमता से 94.41 प्रतिशत, मुरूमसिल्ली में 86.85 प्रतिशत, खारंग में 84.99 प्रतिशत, दुधावा में 84.54 प्रतिशत, रविशंकर सागर (गंगरेल) में 76.72 प्रतिशत, सोंढूर में 70.65 प्रतिशत एवं तांदुला में 66.19 प्रतिशत पानी है। वहीं मिनीमाता बांगो जलाशय में 63.86 प्रतिशत तथा केलो में अभी 51.83 प्रतिशत जल भराव है। कोडार में सबसे कम 35.45 प्रतिशत पानी है। इस तरह राज्य के 12 बड़े बांधों में वर्तमान में 68.19 प्रतिशत पानी है। इसी समय पिछले साल यानी वर्ष 2025 में यह 45.84 प्रतिशत तथा वर्ष 2024 में 38.62 प्रतिशत था।

इसी प्रकार, 34 मध्यम-छोटे बांधों में वर्तमान में औसतन 63.38 प्रतिशत पानी है, जो कि वर्ष 2025 के 44.62 प्रतिशत एवं वर्ष 2024 के 45.38 प्रतिशत से अधिक है। मध्यम जलाशयों में छिरपानी जलाशय मे 92.23 प्रतिशत, खपरी में 92.98 प्रतिशत, पिपरिया नाला में 89.69 प्रतिशत, गोंडली में 85.53 प्रतिशत, सुतियापाट में 79.82 प्रतिशत, सारोदा में 77.57 प्रतिशत एवं कोसारटेडा में 77.46 प्रतिशत जल भराव अपने उच्च स्तर पर हैं।

सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल संसाधनों का वैज्ञानिक एवं प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जलाशयों में बेहतर जल भराव समन्वित प्रयासों का परिणाम है। हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश के किसानों को समय पर पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध हो, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि हो और किसानों की आय में सुधार हो। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जलाशयों के जल स्तर की सतत निगरानी करते हुए जल का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button