नवा रायपुर की सीबीडी बिल्डिंग अब स्मार्ट मार्केट… सौ से ज्यादा दुकानें आवंटित, सुपर बाजार भी… इंटरटेनमेंट के लिए इमर्सिव होलोग्राफिक सेंटर शीघ्र
नवा रायपुर का सीबीडी स्टेशन जिस छह मंजिला कामर्शियल कांप्लेक्स सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (सीबीडी) के नाम से जाना जाता है, अब वह स्मार्ट बाजार बनने की ओर बढ़ गया है। पिछले कुछ माह में बेहद अत्याधुनिक सीबीडी बिल्डिंग में सौ से ज्यादा रिटेल दुकानें आवंटित हो गई हैं। रायपुर का एक कारोबारी ग्रुप यहां सुपर मार्केट खोलने जा रहा है। सीबीडी में मिराज मल्टीप्लेक्स, एक क्लब रेस्टोरेंट के साथ-साथ नवा रायपुर एडिशनल एसपी का दफ्तर शुरू हो गया है। नवा रायपुर डेवलपमेंट अथारिटी सीबीडी को रोजगार, पर्यटन, सांस्कृतिक-तकनीकी केंद्र और नवाचार आधारित स्टार्ट-अप्स के लिए नया मंच बनाने की दिशा में अग्रसर हो गई है।
एयरपोर्ट रोड से नवा रायपुर की सेंट्रल स्ट्रीट में दाखिल होते ही लेफ्ट साइड में कुछ दूरी पर भव्यता के साथ खड़ा सीबीडी 2.65 लाख वर्गफीट में बना है और छह मंजिला है। एनआरडीए स्मार्ट सिटी के अनुरूप सीबीडी में एक ही जगह पर अब कई सुविधाएं उपलब्ध कराने जा रहा है। रायपुर के कारोबारियों ने यहां सौ से ज्यादा दुकानें ले ली हैं। ये खुलेंगी तो सीबीडी का फुटफाल काफी बढ़ने की उम्मीद है। अगले कुछ माह के भीतर यहां शिक्षा, मनोरंजन और दैनिक जरूरतें जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर सुलभ होंगी। सीबीडी कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स चार विंग्स में फैला है। इस बिल्डिंग में हर फ्लोर लोगों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। ग्राउंड फ्लोर एक सुपर मार्केट को अलाट किया गया है, जो जल्दी ही शुरू होने वाला है। यहीं एएसपी का दफ्तर तथा सौ से ज्यादा दुकानें हैं।
सीबीडी का द्वितीय तल एनआईईएलआईटी (National Institute of Electronics & Information Technology) को आबंटित किया गया है, जो युवाओं को इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा एनालिटिक्स और आईटी में प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाएगा। यहीं एक क्लब भी है। थर्ड फ्लोर पर सवा 5 करोड़ रुपए से अधिक का इमर्सिव होलोग्राफिक एंटरटेनमेंट सेंटर बनाया जा रहा है। यह वीआर (VR), एआर (AR) और होलोग्राफिक तकनीकों से मनोरंजन का अद्वितीय अनुभव प्रदान करेगा। फोर्थ और सिक्स्थ फ्लोर पर मिराज सिनेमा में भीड़ बढ़ने लगी है। सीबीडी केवल शॉपिंग डेस्टिनेशन नहीं है। यह छत्तीसगढ़ की आधुनिक राजधानी नवा रायपुर को निकट भविष्य में आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से गहरे तक प्रभावित करेगा। सीबीडी के अन्य बिल्ड-अप स्पेस का आवंटन भी तेजी से चल रहा है।



