जिन्हें महतारी वंदन के 1000 रु नहीं मिल रहे वे कागजात तैयार रखें, सर्वे जल्दी ही… सीएम साय की रायपुर के एक समाधान शिविर में की घोषणा

सीएम विष्णुदेव साय ने रायपुर जिले के गांव भैंसा में घोषणा की कि महतारी वंदन योजना में जो महिलाएं छूट गई हैं, यानी जिन्हें अभी 1 हजार रुपए महीना नहीं मिल रहा है, उनके नाम इस योजना से जोड़ने की मुहिम का खाका तैयार कर लिया गया है। महतारी वंदन 2.0 का यह अभियान जल्द शुरू किया जा रहा है। सीएम की घोषणा के बाद यह तय हो गया है कि संभवतः जून अंत तक छूटी हुई महिलाओं का सर्वे पूरा किया जा सकता है। दूसरे चरण का यह सर्वे ऐसा विषय है, जिसके बारे में महिलाएं राजधानी समेत पूरे राज्य में पूछताछ कर रही हैं। भैंसा में हुए समाधान शिविर में रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने बताया कि जिले में सुशासन तिहार के तहत पहले चरण में 2,98,635 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 2,89,968 आवेदन मांगों तथा 8641 शिकायतों से संबंधित थे। अब केवल 26 शिकायतें बाकी हैं। यही नहीं, शिविरों में 5000 से अधिक लर्निंग लाइसेंस भी बनाए गए हैं।
रायपुर के ग्राम भैंसा में आयोजित सुशासन शिविर में सीएम साय ने देशभर में 29 मई से 12 जून तक चलने वाले “विकसित कृषि संकल्प अभियान” के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाई। सीएम ने कहा कि यह अभियान वैज्ञानिक सहयोग और अनुसंधान को खेतों तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अभियान में केंद्र सरकार के वैज्ञानिक राज्य के वैज्ञानिकों के साथ दल बनाकर कार्य करेंगे तथा आने वाले दिनों में राज्य के 13 लाख से अधिक किसानों से संपर्क किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कृषि वैज्ञानिक और शोधकर्ता प्रयोगशाला से निकलकर खेतों तक जाकर किसानों को उन्नत और संतुलित कृषि की जानकारी देंगे और किसानों से सुझाव भी लेंगे। अंत में उन्होंने कहा कि राज्य की 70 लाख से अधिक बहनों के खातों में महतारी वंदन योजना के ₹1000 हर माह दिए जा रहे हैं। जिनके नाम अब तक नहीं जुड़े हैं, उन्हें भी शीघ्र जोड़ दिया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और कृषि मंत्री रामविचार नेताम भी शामिल थे।



