क्या ख़ुश होना चाहिए… नौतपे में ही छत्तीसगढ़ में आया मानसून… इस बार दंतेवाड़ा से एंट्री, सुकमा-बीजापुर से नहीं… एक-दो दिन में रायपुर तक धुंआधार
छत्तीसगढ़ में मानसून नौतपे के पांचवें दिन ही आ गया है। मानसूनी बादल दो दिन पहले महाराष्ट्र में घुसे और आंधी तूफान की तरह बुधवार को दोपहर 2 बजे से महाराष्ट्र से लगी दंतेवाड़ा की सीमा में नज़र आ गए।आईएमडी के मौसम विशेषज्ञों ने छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री की पुष्टि कर दी है।रायपुर स्थित लालपुर मौसम केंद्र ने भी प्रेस रिलीज़ जारी करके बताया है कि मानसून दंतेवाड़ा में आ गया है। मानसूनी घटाएं अगले 24 घंटों में पूरे बस्तर में फैलकर धमतरी, दुर्ग, राजनंदगांव और लगे ज़िलों के साथ रायपुर और महासमुंद में एंटर होंगी, ऐसी संभावना है। रायपुर में गुरुवार की रात मानसूनी बारिश हो सकती है।

मानसून की यह रफ्तार वैज्ञानिकों के लिए नार्मल और बिफ़ोर टाइम है, लेकिन आम व्यक्ति नौतपे में मानसून आने की ख़बर से चौंक रहा है। इसी के साथ लोग जून जुलाई में बड़े मानसून ब्रेक की आशंका भी व्यक्त कर रहे हैं, हालांकि इस आशंका का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।



