आज की खबर

धमतरी में 12 करोड़ की धान ठगी के आरोपी की हिरासत में मौत… परिजनों ने लगाया पिटाई का आरोप, एसपी वार्ष्णेय ने टीआई को किया सस्पेंड… मौत से दो घंटे पहले हुआ था डाक्टरी मुलाहिजा

धमतरी में अर्जुनी पुलिस ने 12 करोड़ रुपए की धान धोखाधड़ी के आरोप में राजनांदगांव के दुर्गेश सोनकर को सोमवार को गिरफ्तार किया था, जिसकी देर शाम हिरासत में मौत हो गई है। दुर्गेश के खिलाफ किसानों ने अर्जुनी थाने में रिपोर्ट लिखाई है कि ज्यादा रेट का आफर देकर उसने धान खरीद लिया था, लेकिन पैसे नहीं दिए थे। रिपोर्ट लिखाने वाले किसान अब तक थाने पहुंच रहे हैं और धोखाधड़ी की राशि बढ़कर 12 करोड़ रुपए तक पहुंचने का अनुमान है। पुलिस के मुताबिक दुर्गेश को सोमवार को 4 बजे कोर्ट में पेश कर चार दिन की रिमांड ली गई। इसके बाद उसका डाक्टरी मुलाहिजा करवाया गया। शाम साढ़े 6 बजे उसे दोबारा कोर्ट में पेश करने के बाद थाने लाया गया था। पुलिस का दावा है कि तकरीबन एक घंटे बाद दुर्गेश की संभवतः दिल के दौरे से मृत्यु हो गई। इस मामले में धमतरी एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने कहा कि हिरासत में मौत की जांच के आदेश दिए गए हैं। अर्जुनी टीआई सनी दुबे को सस्पेंड कर दिया गया है, ताकि जांच फेयर हो। दुर्गेश की मौत की वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। प्रथमदृष्टया जो बातें आ रही हैं, उनसे लगता है कि मृत्यु का कारण हार्ट अटैक हो सकता है। एसपी वार्ष्णेय ने आश्वस्त किया है कि जांच पूरी पारदर्शिता से होगी।

मृत दुर्गेश सोनकर राजनांदगांव के भंवरमरा का रहनेवाला था। मिली जानकारी के मुताबिक उसके खिलाफ राजनांदगांव में धोखाधड़ी के दो तथा गरियाबंद में भी एक मामला दर्ज है। धमतरी के अर्जुनी थाने में दर्जनभर से ज्यादा किसानों ने शिकायत की थी कि दुर्गेश ने ऊंची कीमत का आफर कर उनका धान खरीद लिया। इसके बाद पेमेंट की बात आई, तब से मोबाइल बंद था और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा था। शिकायत पर अर्जुनी पुलिस ने करीब 7 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। उसके खिलाफ रिपोर्ट लिखाने के लिए किसान अब भी थाने पहुंच रहे हैं और आशंका जताई जा रही है कि धोखाधड़ी बढ़कर 12 करोड़ रुपए तक जा सकती है। इसी केस में अर्जुनी पुलिस दुर्गेश को राजनांदगांव से 31 मार्च, सोमवार को गिरफ्तार करने में कामयाब रही थी। उसे गिरफ्तार कर शाम 4 बजे धमतरी की कोर्ट में पेश किया गया था। रिमांड लेने के बाद पुलिस ने  नियमानुसार उसका डाक्टरी मुलाहिजा करवाया था। इसके बाद उसे दोबारा शाम साढ़े 6 बजे कोर्ट में पेश किया गया,, फिर पुलिस उसे लेकर अर्जुनी रवाना हुई। एक घंटे बाद दुर्गेश की तबियत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्गेश के परिजनों ने पिटाई से हिरासत में मौत का आरोप लगाया। दुर्गेश की मृत्यु की खबर से धमतरी पुलिस में खलबली मच गई। एसपी वार्ष्णेय ने तुरंत जांच के निर्देश दिए और टीआई को सस्पेंड कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक जांच शुरू कर दी गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button