अब तक 35 लाख टन धान खरीदी… किसानों को साढ़े 7 हजार का पेमेंट… कांग्रेस का कल अव्यवस्था के खिलाफ आंदोलन
![](https://thestambh.com/wp-content/uploads/2024/11/Screenshot-1075.png)
छत्तीसगढ़ के गांव-गांव में इस वक्त धान खरीदी की धूम है। सोसाइटियों में सरकार 14 नवंबर से अब तक 35 लाख टन से ज्यादा धान खरीद चुकी है। इसके बदले में साढ़े 7 लाख किसानों के खाते में 7 हजार 582 करोड़ रुपए का पेमेंट भी पहुंच गया है। खरीदी केंद्रों को लेकर किसी भी तरह की परेशानी या शिकायत के लिए सरकार की तरफ से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इधर, कांग्रेस ने धान खरीदी केंद्रों में किसानों की परेशानी तथा कथित तौर पर पूरा धान नहीं खरीदने के खिलाफ मंगलवार, 10 दिसंबर को प्रदेश के हर ब्लाक में एक दिन के आंदोलन की घोषणा कर दी है।
राज्य शासन के आला अफसरों ने बताया कि इस साल धान बेचने के लिए 27.68 लाख किसानों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है, जो पिछले साल से लगभग डेढ लाख अधिक हैं। इस साल किसानों से 160 लाख टन धान खरीदने का अनुमान है। यह भी पिछले साल से अधिक है। शासन ने खरीदी केन्द्रों में शिकायत एवं निवारण के लिये हेल्पलाइन नंबर 0771-2425463 जारी कर दिया है। धान बेचने वाले कोई भी किसान इस हेल्पलाईन नम्बर पर फोन कर समस्या बता सकते हैं।
इधर, कांग्रेस ने धान खरीदी केन्द्रों में किसानों को परेशानी तथा कथित किसान विरोधी रवैये के खिलाफ प्रदेश के सभी ब्लॉकों में 10 दिसंबर, मंगलवार को एक दिवसीय आंदोलन की घोषणा की है। धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेसी हर ब्लाक के सक्षम अधिकारी को राज्यपाल के नाम से ज्ञापन भी देंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पूरे प्रदेश में धान खरीदी केन्द्रों में अव्यवस्था किसान परेशान है। सरकार की कोशिश है कि कम से कम धान खरीदी की जाये। टोकन की व्यवस्था अव्यवहारिक है, जिससे किसानों को परेशान होना पड़ रहा। इन सभी मुद्दों को मंगलवार को आंदोलन में उठाया जाएगा। यह जानकारी कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने दी है।