बीएसपी को बेचने की बातें झूठ और अफवाह- इस्पात मंत्रालय… छत्तीसगढ़ में पूर्व सीएम भूपेश ने किया था बीएसपी बेचने का दावा
केंद्रीय इस्पात मंत्रालय ने भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के निजीकरण और इसे बेचे जाने के दावोंको पूरी तरह से झूठा करार दिया है। मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर भिलाई स्टील प्लांट को बेचे जाने की जताई जा रही आशंकाएं पूरी तरह से गलत और निराधार हैं। बता दें कि छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल बीएसपी को बेचने की कोशिश का दावा करते हुए इसका कड़ा विरोध किया था और केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए थे। हालांकि इसके जवाब में भाजपा नेताओं ने इसे केवल अफवाह बताते हुए सबूत सार्वजनिक करने की चुनौती दी थी।
इस्पात मंत्रालय के साथ-साथ BSP प्रबंधन और प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक टीम ने भी निजीकरण की इन खबरों को अफवाह और भ्रामक बताया है। दरअसल विवाद तब शुरू हुआ, जब BSP और अडानी टोटल गैस लिमिटेड के बीच प्राकृतिक गैस (पाइपलाइन के जरिए) की आपूर्ति के लिए एक समझौता हुआ। इसके बाद राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर इसे प्लांट को बेचे जाने से जोड़कर देखा जाने लगा।



