आज की खबर
डॉक्टरी में स्पेशलाइजेशन के लिए छत्तीसगढ़ समेत देशभर में हुई NEET PG परीक्षा… प्रदेश में 435 पीजी सीटें, हज़ारों दावेदार
(जयपुर की तस्वीर जहाँ सर्वर ठप होने से हंगामा)
छत्तीसगढ़ और देशभर में NEET PG 2026 परीक्षा आज 30 अगस्त को आयोजित की गई। इस साल देश में करीब 2.73 लाख अभ्यर्थियों ने नीट पीजी एग्जाम में हिस्सा लिया। नीट पीजी एग्जाम एमबीबीएस के बाद दिया जाता है, अर्थात् यह परीक्षा स्पेशलाइजेशन के लिए एमबीबीएस डॉक्टर ही देते हैं। छत्तीसगढ़ में राजधानी रायपुर सहित अन्य प्रमुख केंद्रों मेंबड़ी संख्या में मेडिकल छात्र इस परीक्षा में शामिल हुए हैं। प्रदेश के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों को मिलाकर कुल लगभग 435 पीजी (MD/MS/Diploma) सीटें उपलब्ध हैं। इनमें से सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या करीब 295 है, जिन पर 50% राज्य कोटे के तहत प्रवेश दिया जाएगा।
उधर, जयपुर के iDZ सीतापुरा परीक्षा केंद्र (TC नंबर 41682 और 41683) पर बिजली गुल (Power Failure) होने और भारी तकनीकी गड़बड़ी के कारण सर्वर पूरी तरह ठप हो गया। सर्वर डाउन होने से छात्र कंप्यूटर स्क्रीन के सामने बैठे रहे और परीक्षा नहीं दे पाए, जिसके बाद परीक्षा केंद्र के बाहर छात्रों ने जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ में बिलासपुर से भी ऐसी चर्चाएं आ रही हैं, लेकिन फिलहाल ये अपुष्ट हैं।



