The Stambh Breaking : दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर, अंबिकापुर में रायपुर जैसे दीनदयाल आडिटोरियम… सभी 750 सीटर, 25-25 करोड़ में बनेंगे, दो के टेंडर भी… जानिए जरूरी जानकारियां

पूरे प्रदेश में चर्चित राजधानी रायपुर के पं. दीनदयालय उपाध्याय आडिटोरियम जैसे भवनों के दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चारों शहरों में ये आडिटोरियम 750-750 सीटर तथा रायपुर जैसे ही भव्य और बेहतरीन आर्किटेक्चर का सैंपल होंगे। खास बात ये है कि यह केवल योजना, प्रस्ताव या फाइलों में कैद नहीं हैं, बल्कि फ्लोर पर आ गए हैं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) ने दुर्ग में आडिटोरियम निर्माण का टेंडर मंजूर कर लिया है। बिलासपुर में टेंडर प्रक्रिया जारी है। शेष दो आडिटोरियम वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया में है, जो जल्द पूरी हो जाएगी। पीडब्लूडी सचिव डा. कमलप्रीत सिंह ने बताया कि सीएम विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम अरुण साव ने चारों शहरों में इन आडिटोरियम का निर्माण अगले दो साल में हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
द स्तम्भ को मिली जानकारी के मुताबिक दुर्ग में बनाए जाने वाले आडिटोरियम की लागत लगभग 23 करोड़ (2296 लाख) रुपए होगी। यह 750 सीटर होगा और शहर में प्राइम लोकेशन पर इसका काम टेंडर मंजूर होने के कारण जल्दी ही शुरू हो जाएगा। इसी तरह, बिलासपुर के 750 सीटर आडिटोरियम के लिए पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति जारी होने के बाद इसकी लागत 22 करोड़ 22 लाख रुपए होगी। यह भी रायपुर की ही तरह प्राइम लोकेशन पर बनाया जा रहा है तथा टेंडर लग चुका है। इसी तरह, जगदलपुर का आडिटोरियम भी 750 सीटर रहेगा और इसके लिए 22 करोड़ 21 लाख रुपए जारी कर दिए गए हैं। अंबिकापुर में प्रस्तावित आडिटोरियम की लागत 23 करोड़ 65 लाख रुपए है। इसे इसी साल अगस्त अंत में फंड स्वीकृति के लिए वित्त विभाग को भेजा गया गया है और स्वीकृति एक माह के भीतर आने के बाद टेंडर जारी कर दिया जाएगा। बता दें कि पीडब्लूडी मंत्री रहते हुए रायपुर का पं. दीनदयाल आडिटोरियम राजेश मूणत की निगरानी में पूरा हुआ था। इस भवन ने सुविधाओं के साथ-साथ आर्किटेक्चर के मामले में प्रदेशभर में सुर्खियां बटोरीं और निर्माण के बाद से अब तक सेल्फी प्वाइंट भी बना हुआ है।