नए विधानसभा भवन में होने वाले सेशन के लिए 4 दिन में 628 सवाल… किस दिन क्या कार्यवाही, बताया स्पीकर डॉ रमन ने

छत्तीसगढ़ विधानसभा के 4 दिन के शीतकालीन सत्र के लिए 628 सवाल लगे हैं। विधानसभा स्पीकर डॉ रमन सिंह ने 14 से 17 दिसम्बर के बीच चलने वाली सदन की कार्यवाही की जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा की पहली बैठक गुरुवार, 14 दिसम्बर 2000 को राजकुमार कालेज के जशपुर हॉल में हुई थी। नए भवन में विधानसभा का सातवां सत्र है। इस सत्र के पहले दिन राज्य सरकार की दीर्घकालीन विकास रणनीति छत्तीसगढ़ विजन 2047 पर चर्चा होगी तथा वित्तीय और शासकीय कार्य संपादित किये जाएंगे। प्रथम अनुपूरक बजट 15 तारीख को पेश किया जाएगा। इसके बाद अनुदान की मांगों पर चर्चा के लिए 16 दिसम्बर की तिथि निर्धारित है। 16 दिसम्बर को प्रथम अनुपूरक की मांगों से संबंधित विनियोग विधेयक का पुनरस्थापन, विचार तथा पारण होगा। सत्र के दौरान छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शतों का विनियमन (संशोधन) विधेयक पेश किया जाएगा।
इस सत्र के लिए सदस्यों से अभी तक प्राप्त प्रश्नों की कुल 628 सूचनायें प्राप्त हुई है, जिनमें से तारांकित प्रश्नों की कुल संख्या 393 और अतारांकित प्रश्नों की कुल संख्या 295 है। खास बात यह है कि इस सत्र में 96.17 प्रतिशत प्रश्न आनलाईन प्राप्त हुए हैं। अभी तक ध्यानाकर्षण प्रस्ताव की 48 सूचनाए मिली है। नियम 139 के अधीन अविलंबनीय लोक महत्व के विषय पर चर्चा के लिए 1 विषय और अशासकीय संकल्प की कुल 09 सूचनाएं मिली है। शून्यकाल की 4 सूचनाएं और याचिका की 77 सूचनायें भी प्राप्त हुई है।


