आज की खबर

जादू-टोने में फिर वहशीपन… सुकमा में एक परिवार के 5 लोगों की हत्या, 5 गिरफ्तार

बलौदाबाजार में जादू-टोने के शक में एक परिवार के चार लोगों की हत्या को एक हफ्ता भी नहीं बीता कि रविवार को सुकमा में इसी अंधविश्वास में एक परिवार के 5 लोगों को मार डाला गया। मरनेवालों में 3 महिलाएं और दो पुरुष हैं। वारदात भी गांव के एक ही परिवार ने की है। आरोपियों ने एक-एक कर डंडे से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्याएं कीं। आरोपियों के परिवार को नुकसान हो रहा था। उन्हें शक था कि गांव का एक परिवार उन पर जादू-टोना कर रहा है, इसलिए उस परिवार के अधिकांश लोगों को मार डाला गया।

ऐसे जानलेवा अंधविश्वास और वहशीपन की लगातार दो घटनाओं ने छत्तीसगढ़ में लोगों की नींद उड़ा दी है। दोनों ही हत्याएं गांवों में हुईं हैं। ग्रामीण परिवेश में अंधविश्वास किस तरह जड़ें जमा रहा है और अंधविश्वासी किस तरह हिंसक हुए हैं, दोनों वारदातें उसका उदाहरण हैं। सुकमा में जिन लोगों की जान ली गई, उनके नाम पुलिस ने मौसम कन्ना (60), मौसम बुच्चा (34) तथा महिलाओं में मौसम बिरी (55), मौसम अरजो (32) तथा करका लच्छी (40) बताए हैं। सभी मृतक घर में थे, तब पांचों आरोपी डंडे लेकर घर में घुसे। इससे पहले कि कोई समझ पाता, आरोपियों ने सभी पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसानी शुरू कर दीं। पांचों को तब तक मारा गया, जब तक वे लहूलुहान होकर अचेत नहीं हो गए। सभी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद भी आरोपी वहां से भागे नहीं। गांव से मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी वहीं थे। सभी को हिरासत में ले लिया गया। मारे गए पांच लोगों का शव पोस्टमार्टम के लिए सुकमा भेजा गया है। कोंटा इलाके के इटकल गांव में इस जघन्य वारदात की सूचना मिलने के बाद एसपी किरण चौहान भी पहुंच गए थे। जिस गांव में वारदात हुई, वह भी घोर माओवाद प्रभावित माना जाता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button