Good News : रायपुर जैसे 34 नालंदा परिसर बनेंगे प्रदेश में… 11 शहरों में इसे बनाने के लिए करीब 20 करोड़ रुपए जारी

राजधानी रायपुर की तरह प्रदेश के 34 नगरीय निकायों में छात्रों और कंपीटिशन में शामिल होने वाले युवाओं के लिए सरकार ने नालंदा परिसर बनाने का फैसला किया है। ये भवन रायपुर के नालंदा परिसर जैसे विशाल तो नहीं होंगे, लेकिन सेंट्रल लाइब्रेरी हर जगह स्थापित की जाएगी। दूरस्थ शहरों जैसे सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सूरजपुर, बैकुंठपुर, चिरमिरी, कुनकुरी, जशपुर, बलरामपुर और पेंड्रा में भी नालंदा परिसर बनाए जाएंगे। नगरीय प्रशासन विभाग ने नालंदा परिसरों के लिए 237.58 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इनमें से 11 परिसरों के निर्माण के लिए शुक्रवार को लगभग 20 करोड़ रुपए जारी कर दिए गए हैं।
नालंदा परिसर बनाने के लिए दुर्ग, राजनांदगांव और अंबिकापुर नगर निगम में से प्रत्येक को 2.85 करोड़ रुपए की पहली किस्त जारी कर दी गई है। नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने बताया कि बलौदाबाजार, बालोद, बेमेतरा, कवर्धा, कांकेर और जांजगीर नगरपालिका तथा कुनकुरी नगर पंचायत में से हरेक को नालंदा परिसर बनाने के लिए पहली किस्त के रूप में 1.10 करोड़ रुपए दिए गए हैं। जशपुर नगरपालिका को भी 2.85 करोड़ रुपए जारी कर दिए गए हैं। दरअसल नालंदा परिसर और सेंट्रल लाइब्रेरी को छत्तीसगढ़ सरकार उच्च शिक्षा हासिल कर रहे तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए इन्हें बना रही है। रायपुर का नालंदा परिसर सबसे बड़ा और भव्य है। बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई, रायगढ़ जैसे बड़े शहरों में भी नालंदा परिसर बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा, दूरस्थ वन क्षेत्रों में भी इनका निर्माण चल रहा है। रायगढ़ में सीएसआर से 700 सीटर सेंट्रल लाइब्रेरी का काम चालू है। इसके लिए रायगढ़ नगर निगम और एनटीपीसी (National Thermal Power Corporation) के बीच करीब 43 करोड़ रुपए का एग्रीमेंट हो चुका है।